सर्वजन सुखाय, जगत हिताय किया गया सामूहिक रुद्राभिषेक
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे से लगे सुरहुरपुर स्थित राजकुमारी विद्यावती शिक्षण संस्थान में सावन के तीसरे सोमवार व नागपंचमी के अवसर पर सर्वजन सुखाय, जगत हिताय हेतु सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के महिला-पुरुष शिवभक्तों ने मिलकर विधि विधान से शिवलिंग का स्नान, श्रृंगार, भोग, आरती समेत अभिषेक अर्चन सम्पन्न किया।
बताते चलें कि विश्व शांति, क्षेत्र में अच्छी बारिश, सभी की सुख-शांति एवं जगत के कल्याण के लिए परम पावन सावन माह के तृतीय सोमवार को यह आयोजन सम्पन्न हुआ। काशी से पधारे वैदिक आचार्य पंडित मनोज शुक्ला द्वारा उच्चारित शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के बीच मुख्य यजमान अशीत कुमार पाठक एडवोकेट एवं रेनुलता पाठक सहित दर्जनों लोंगो ने पूजन-अर्चन कार्य सम्पन्न किया। गंगाजल, दुग्ध, दही, घृत, मधु, पंचामृत, फलोदक, गंधोदक, भष्मोदक, पुष्पोदक, दूर्वा, बिल्वपत्र, सुद्धोदक आदि से विधि पूर्वक स्नान कराकर श्रृंगार, वस्त्र, तिलक, चंदन, भोग-प्रसादयुक्त सूक्ष्म आरती की गई। तत्पश्चात रुद्राष्टाध्यायी के 11 पाठों से विधिवत श्रृंगी से दुग्ध धाराएं गिराई गयी।
पुनः प्रच्छालन उपरान्त श्रृंगार, वस्त्र, आभूषण, पुष्प, माल्यार्पण, तिलक, चंदन, यज्ञोपवीत, भोग, आरती समेत पुष्पांजलि अर्पित की गई। अंत में प्रसाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बने। इस महारुद्राभिषेक में चंदन उपाध्याय, धर्मदेव यादव, भुवनेश्वर द्विवेदी, अजीत प्रताप, संतोष तिवारी, हृदय शर्मा, निखिल तिवारी, अभिषेक यादव, हर्षवर्धन, साक्षी पाठक, श्वेतांजली, परी आदि शामिल रहे।


Post a Comment