रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के पब्लिक महिला सहर डिग्री कॉलेज बरामदपुर में शनिवार को रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 तथा ड्रेस के लिए मिलने वाली धनराशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किए जाने पर आभार जताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रानीपुर अरुण कुमार सिंह व एमएलसी प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने की। सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। एनसीसी की छात्राओं ने मुख्य अतिथि का सलामी देकर स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ओमप्रकाश तिवारी व रानीपुर सुनील सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रोजेक्टर के माध्यम से करीब 270 रसोइयों ने लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के रसोइया सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम के बाद छह रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड देकर सम्मानित किया गया। इनमें विजई, लहजू राम, बिंदु देवी, रीता देवी, मुन्नी देवी व गीता देवी शामिल रहीं।
संचालन प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने किया। बीईओ सुनील सिंह व ओमप्रकाश तिवारी ने आभार जताया। राष्ट्रगान व भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान राजेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, स्वतंत्र श्रीवास्तव, हिमांशु विक्रम सिंह, सौरभ सिसोदिया, रविंद्र कुमार व प्रवीण सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।



Post a Comment