Top News

जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल व बीएसआरके इंटर कॉलेज में संस्कारशाला का किया गया वाचन

जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल व बीएसआरके इंटर कॉलेज में संस्कारशाला का किया गया वाचन

करहां (मऊ) : दैनिक जागरण की संस्कारशाला के अंतर्गत गुरुवार को बी.एस.आर.के. इंटर कालेज, रामनगर मोड़, खालिसा के प्रधानाचार्य रजनीश राय तथा जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, दरौरा-करहां के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों के बीच संस्कारशाला के लेख का वाचन किया। ‘उपस्थिति की आवश्यकता’ विषयक लेख के माध्यम से बच्चों को डिजिटल पढ़ाई के दौरान मोबाइल व अन्य डिजिटल साधनों से होने वाले ध्यान के भटकाव तथा परिवार के साथ बातचीत के समय मोबाइल में व्यस्त रहने के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि पढ़ाई के समय एकाग्रता बनाए रखना और परिवार के सदस्यों के साथ संवाद के दौरान पूरी तरह उपस्थित रहना स्वस्थ्य पारिवारिक संबंधों के लिए जरुरी है।

प्रधानाचार्य रजनीश राय ने कहा कि डिजिटल माध्यम आज पढ़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसका उपयोग उद्देश्यपूर्ण और सीमित होना चाहिए। पढ़ाई के दौरान बार-बार मोबाइल देखने, अनावश्यक नोटिफिकेशन और दूसरी गतिविधियों में उलझने से एकाग्रता प्रभावित होती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे पढ़ाई के समय मोबाइल का केवल आवश्यक कार्यों के लिए इस्तेमाल करें और अपना पूरा ध्यान अध्ययन पर केंद्रित रखें।

प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि परिवार के बीच मौजूद रहते हुए भी मोबाइल में व्यस्त रहना आपसी संवाद को कमजोर करता है। बच्चों को चाहिए कि भोजन, बातचीत और पारिवारिक समय में मोबाइल को एक तरफ रखकर माता-पिता व अन्य सदस्यों की बात ध्यान से सुनें। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग तभी सार्थक है, जब वह हमारे अध्ययन और रिश्तों को मजबूत बनाए, उनसे दूरी न पैदा करे। इस अवसर पर प्रवीण राय, हरिनारायन सिंह, रामभजन यादव, विजेंद्र सिंह, शबीब रिजवी, शिया सिंह, एटीएम सर, कृपानारायन, फिज़ा खातून आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post