Top News

बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, राखी निर्माण प्रतियोगिता में पांच छात्राएं अव्वल

बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, राखी निर्माण प्रतियोगिता में पांच छात्राएं अव्वल

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मालव में गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी निर्माण प्रतियोगिता एवं राखी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। शिक्षकों के सहयोग और मार्गदर्शन में बच्चों ने रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं।

प्रतियोगिता में आंचल, अंशिका, दिव्यांशिका, अंशिका गोंड और दिव्यांशी गोंड की बनाई राखियों को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने विजेता बच्चों को चाकलेट और कापी देकर पुरस्कृत किया। शिक्षकों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें पढ़ाई के साथ ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।


इसके बाद विद्यालय में रक्षाबंधन समारोह हुआ। छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में रामकेर राम, स्वतंत्र कुमार सिंह, मनोज कुशवाहा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, फहद अहमद, सुलमती चौहान, आरती सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post