बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को अधिकारों व हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम ओटनी एवं कमालपुर-पहाड़पुर में रविवार को बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि महिला हिंसा, उत्पीड़न और प्रताड़ना के मामलों को रोकने के लिए जागरुकता जरुरी है। विवाहित महिलाओं को दहेज उत्पीड़न एवं दहेज हत्या जैसी घटनाओं के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकने और उन्हें मानसिक रुप से मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।
अविवाहित छात्राओं एवं युवतियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित माहौल, आत्मरक्षा और अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग कर पुलिस अथवा संबंधित विभाग से सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक माधुरी सागर, मिशन शक्ति केंद्र में नियुक्त महिला पुलिसकर्मी सरिता व रुमिता मौर्या, एनजीओ प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, आशा बहू तथा बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं उपस्थित थीं।


Post a Comment