विशालकाय महुआ का पेड़ गिरने से गरीब का मकान जमींदोज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के मालव गांव में मंगलवार की देर रात करीब एक बजे हरिकेश राम उर्फ मुन्ना के मकान पर विशालकाय महुआ का पेड़ गिर गया। इससे मकान की दो कोठरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और अंदर रखा गृहस्थी का सामान भी दबकर बर्बाद हो गया। संयोग से परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हरिकेश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं और परिवार के सदस्य जमुई गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी भी करते हैं। पेड़ की चपेट में आने से उनका ई-रिक्शा भी बाल-बाल बच गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास की मांग की है।
घटना की जानकारी पर बुधवार सुबह लेखपाल अजय कुमार चौबे व राजस्व निरीक्षक श्रीकृष्णकांत सिंह ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि क्षति का आकलन कराया गया है। नियमानुसार सहायता देने के साथ पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री अथवा प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment