Top News

मतई वनवासी की समाधि पर गूंजा मानस पाठ, श्रद्धा से दी वाचकों को विदाई

मतई वनवासी की समाधि पर गूंजा मानस पाठ, श्रद्धा से दी वाचकों को विदाई

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के शमशाबाद स्थित वनवासी बस्ती में साधु स्वर्गीय मतई वनवासी की समाधि स्थल पर आयोजित रामचरित मानस पाठ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। मानस की चौपाइयों से समाधि स्थल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीराम का स्मरण कर सुख-शांति और लोकमंगल की कामना की। पाठ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं ने साधु मतई वनवासी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को याद किया।

मानस पाठ के समापन पर आयोजक स्वर्गीय मतई वनवासी के पुत्र निरहू वनवासी व हरेंद्र वनवासी तथा शिक्षिका पुत्री निर्मला वनवासी ने सभी मानस वाचकों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। वाचकों को सुंदरकांड की पुस्तक, तुलसी की माला, वस्त्र और द्रव्य दान कर भावपूर्ण विदाई दी गई। सम्मान समारोह के बाद परिवार की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सेवा, श्रद्धा और अपनत्व का भाव लोगों को भावुक कर गया।

धार्मिक अनुष्ठान ने वनवासी बस्ती में आध्यात्मिकता के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की भी मिसाल पेश की। पूरे कार्यक्रम के दौरान रामभक्ति और लोकमंगल की भावना से वातावरण सराबोर रहा। इस अवसर पर नंदे, श्यामा मास्टर, लौटू, सोनू, कल्पनाथ, वीरेंद्र चौहान, हरिबंश वैरागी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post