समूहों से जुड़कर महिलाएं बनें आत्मनिर्भर : बी.एम.एम.
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड परिसर में मंगलवार को स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों एवं महिलाओं की बैठक हुई। इसमें 62 ग्राम पंचायतों की समूह सखी व महिलाओं ने भाग लिया। अधिकारियों ने समूह संचालन, बैंक खाते तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
ब्लाक मिशन मैनेजर बी.एम.एम. रामअवध यादव ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रुप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों की महिलाओं को समूहों से जोड़कर रोजगार एवं आय के साधनों से जोड़ने का कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि समूह संचालन में किसी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं विकासखंड स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अर्थात एन.आर.एल.एम. कार्यालय में इसकी जानकारी दें। समस्या का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। समूह सखियों और विभागीय कर्मचारियों द्वारा गांव-गांव संपर्क कर अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़ने का काम किया जा रहा है।


Post a Comment