Top News

संपूर्ण समाधान दिवस में 109 शिकायतें, 09 का ही निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 109 शिकायतें, 09 का ही निस्तारण

•डीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कैंप का किया निरीक्षण

•कई फरियादियों ने बार-बार शिकायत के बावजूद न्याय न मिलने का लगाया आरोप

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी आनंद वर्धन की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 109 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें महज नौ का मौके पर निस्तारण किया जा सका, जबकि छह मामलों के समाधान के लिए टीमें गठित की गईं। प्राप्त शिकायतों में 55 राजस्व, 27 पुलिस और 27 अन्य विभागों से संबंधित रहीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में कई फरियादियों ने बार-बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने और बिना उचित जांच के रिपोर्ट लगा दिए जाने का आरोप लगाया। अमारी गांव निवासी रामकिशुन चौहान ने बताया कि वर्ष 2022 से उनके घर पर बिजली मीटर लगा है। पहले उनके नाम से बिल जारी होता था, लेकिन अब पोर्टल पर राम समुझ चौहान के नाम का बिल निकल रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद खाता दुरुस्त नहीं होने से बिल जमा करने में परेशानी हो रही है। वहीं, संजीव वर्मा उर्फ काजू, प्रदीप वर्मा और राजू वर्मा पर भवन का मानचित्र स्वीकृत कराए बिना निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई। अर्जुन ने मौजा लंगरपुर की खतौनी में पिता का नाम गलत दर्ज होने और गाटा संख्या 41 के स्थान पर 412 अंकित होने की शिकायत करते हुए संशोधन की मांग की।

उधर जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत तहसील परिसर में लगाए गए कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री, सीओ जितेंद्र सिंह, सीएचसी अधीक्षक डाक्टर फैयाज अहमद समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post