दशहरा मेले को लेकर करहां के व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा और जाम के मुद्दे
करहां (मऊ) : नवरात्र और दशहरा मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए करहां बाजार की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग उठी है। शनिवार शाम नवयुवक व्यापार मंडल, दुर्गा पूजा समितियों और व्यापारियों की संयुक्त बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बिजली आपूर्ति, यातायात संचालन और छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी विक्की वर्मा ने कहा कि मेले के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की आशंका रहती है, इसलिए प्रशासन को पहले से जरुरी इंतजाम करने चाहिए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव ने करहां चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम पर चिंता जताते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की जरुरत बताई। व्यापारियों ने कहा कि बाजार में घूमने वाले छुट्टा पशु राहगीरों और दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। पूजा पंडालों, बाजार और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत न हो।
बैठक में मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विजय यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन, व्यापारियों और पूजा समितियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। इस दौरान राजेश यादव, विनोद यादव, बृजेश सिंह, अनिल भारद्वाज, सुरेश वर्मा, अनिल चौरसिया, हरेंद्र मौर्य, गिरधारी, श्रीकांत चौरसिया, मनोज वर्मा, अनिल पटवा सहित अन्य लोग थे।

Post a Comment