दुर्गा पूजन समिति की 75वीं वर्षगांठ पर सम्मान और सुरों से सजी करहां की सांस्कृतिक संध्या
◆दुर्गा पूजन समिति ने 21 विभूतियों को किया सम्मानित
◆भोर तक चले देवी जागरण गीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु
करहां (मऊ) : आस्था, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द के संगम के बीच करहां बाजार में बुधवार की रात उत्सव का माहौल रहा। नवयुवक व्यापार मंडल श्रीदुर्गा पूजन समिति के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 21 विभूतियों को सम्मानित किया गया। वहीं देवी जागरण में गूंजते भक्ति गीतों एवं नृत्य ने श्रद्धालुओं को पूरी रात भक्ति रस में सराबोर रखा।
समारोह का शुभारंभ करहां के ग्रामप्रधान श्यामबिहारी जायसवाल ने मां दुर्गा के जयकारों के बीच फीता काटकर किया। इसके बाद समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी विक्की वर्मा तथा मंत्री अनिल भारद्वाज सुमन ने पत्रकारिता, समाजसेवा, संगीत, व्यापार और पुलिस प्रशासन से जुड़े लोगों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मान प्रदान किया। सम्मानित अतिथियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताया गया।
प्रख्यात गायक सोनू राजभर और उनकी टीम ने देवी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। देर रात से भोर तक चले जागरण में श्रद्धालु तालियां बजाकर और झूमकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। मंच संचालन कर रहे अजीत प्रताप सिंह ने बाबा घनश्याम साहब, मीर शम्सी, गढ़वा किला और शमीम करहानी की विरासत का उल्लेख करते हुए करहां की गंगा-जमुनी तहजीब को नमन किया। उन्होंने दुर्गा पूजन समिति और रामलीला से जुड़े पूर्ववर्ती व दिवंगत पदाधिकारियों ब्रह्मदेव तिवारी, मेवालाल जायसवाल, ठाकुर प्रसाद, हरिशंकर राजभर, रमाशंकर सिंह, हरिश्चंद्र सेठ, हंसनाथ सिंह, कामता प्रसाद, विक्रमा शर्मा, किशोर चौरसिया, रामविलास सैनी, वासदेव आदि के योगदान को भी स्मरण किया।
समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णुकांत श्रीवास्तव, कुंवर अजीत सिंह, पत्रकार सद्दाम हाशमी व हारुन खान, स्वर्णकार अजय वर्मा, व्यवसायी बिलठू यादव, गुलाब यादव, अजय यादव, उपनिरीक्षक अनिल सिंह व वैभव पांडेय, सोनू राजभवव उनकी टीम के सदस्यों सहित 21 लोगों को सम्मानित किया गया। अध्यक्ष विक्की वर्मा ने आयोजन की सफलता में क्षेत्रवासियों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह स्नेह और समर्थन बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर विधिचंद्र चौहान, प्रशांत सिंह, हरेंद्र मौर्य, दीपक मद्धेशिया, अनिल चौरसिया, गुल्लू विश्वकर्मा, अमरनाथ शर्मा, ऋषभ भारद्वाज, शिवम कश्यप, पीयूष यादव, गोलू अहमद, मोनू, अभिषेक, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







Post a Comment