दुर्गा पूजन समिति के सांस्कृतिक मंच पर 21 गणमान्यों को किया गया सम्मानित
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के नवयुवक व्यापार मंडल श्रीदुर्गा पूजन समिति के 75 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार रात्रि एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी विक्की वर्मा एवं मंत्री अनिल भारद्वाज सुमन ने समाजसेवा, पत्रकारिता, संगीत, व्यापार व पुलिस प्रशासन के 21 विभिन्न गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनके विविध क्षेत्रों किए जा रहे सराहनीय कार्यों का अभिनंदन किया।
इसके पूर्व करहां ग्रामप्रधान प्रतिनिधि श्यामबिहारी जायसवाल ने देवी मां के जयघोष के मध्य कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रख्यात गायक कलाकार सोनू राजभर व उनकी टीम ने भोर तक चले देवी जागरण कार्यक्रम में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने व ताली बजाने को मजबूर कर दिया।
समिति के अध्यक्ष विक्की वर्मा ने क्षेत्रीय लोगों के सहयोग व समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की। मुख्य अतिथि अजीत प्रताप सिंह ने बाबा घनश्याम साहब, मीर शम्सी, गढ़वा किला एवं शमीम करहानी की इस गंगा जमुनी सरजमीं को नमन करते हुए करहां की दुर्गा पूजन समिति व रामलीला के पुराने व दिवंगत पदाधिकारियों के योगदान को याद किया।






Post a Comment