स्टेट क्रिकेट चैंपियनशिप में चयन पर शिवाजी का भव्य अभिनंदन
-नार्मल ग्राउंड स्थित प्रशिक्षण केंद्र में खेल प्रेमियों ने बढ़ाया युवा खिलाड़ी का उत्साह
-पिता ने कोच की मेहनत और मार्गदर्शन को बताया सफलता की असली ताकत
करहां (मऊ) : क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परचम लहराने वाले शिवाजी जायसवाल ने जिले का मान बढ़ाया है। अंडर-14 स्टेट क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए आजमगढ़ मंडल की टीम में चयनित होने पर गुरुवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के नार्मल ग्राउंड स्थित प्रशिक्षण केंद्र में उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। समाजसेवी अविनाश जायसवाल उर्फ डिंपू ने शिवाजी को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। होनहार खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों के चेहरे खिल उठे और परिसर बधाइयों व शुभकामनाओं से गूंज उठा।
सम्मान से अभिभूत शिवाजी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के प्रोत्साहन और कोच नसरुद्दीन अहमद के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर वह भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पिता अविनाश जायसवाल ने कहा कि बेटे की कामयाबी के पीछे कोच की अथक मेहनत, बारीकियों पर ध्यान और निरंतर प्रशिक्षण की अहम भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवाजी आगे भी अपनी प्रतिभा से परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
शिवाजी की उपलब्धि पर पूर्व चेयरमैन मोहम्मद अली, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संतोष सिंह, व्यवसायी रामविजय सिंह व अनवर अहमद, पूर्व क्रिकेटर कुंवर अजीत सिंह व हर्षित गौतम, इरशाद अहमद, शब्बू खान, शाहिद रजा, एहसान अहमद, सलाहुद्दीन और केसरी मोहम्मद कासिम समेत अन्य लोगों ने प्रसन्नता जताई। सभी ने शिवाजी का मुंह मीठा कराकर उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित किया। लोगों ने विश्वास जताया कि यह चयन शिवाजी के क्रिकेट सफर में एक नई उड़ान साबित होगा।


Post a Comment