जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा व एसएमबीएम इंटर कालेज करहां में पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ
रासायनिक पटाखों से दूरी बनाने और मिट्टी के दीयों से घर-आंगन रोशन करने का लिया संकल्प
करहां (मऊ) : दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण से बचाव के लिए मंगकवार को जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा व एसएमबीएम इंटर कालेज करहां में विद्यार्थियों को हरित एवं सुरक्षित दीपावली मनाने का संकल्प दिलाया गया। शंकर मौर्य बलिराम मौर्य इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजकुमार मौर्य और जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा के वरिष्ठ शिक्षक अशोक दूबे ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों और रासायनिक आतिशबाजी से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे इस दीपावली पर इकोफ्रेंडली तरीके से त्योहार मनाएंगे। घर-परिवार को मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के इस्तेमाल से बचेंगे। साथ ही अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और गांव-कस्बों के लोगों को भी हरित दीपावली के प्रति जागरुक करेंगे।
जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा के प्रबंधक हरिनारायन सिंह ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। इसे प्रदूषण मुक्त बनाकर प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं एस.एम.बी.एम. इंटर कालेज करहां के प्रबंधक कपिलदेव मौर्य ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना जरुरी है। मिट्टी के दीयों का उपयोग और पटाखों से परहेज कर हम स्वच्छ वातावरण बनाने में योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर मनोज कुमार पांडेय, विशाल सिंह, कार्तिक तिवारी, रामध्यान यादव, देवदत्त कुमार, राजेश कुमार, अंकित मौर्य, राकेश यादव, कहकशां फिरदौस, सरिता सिंह, बिंदु यादव, संतोष चौहान, सुमित्रा कुमारी, सोनम चौहान, विजेंद्र सिंह, विशाल कुमार, शिया सिंह, रामपुकार यादव सहित अन्य शिक्षक व सैकडों विद्यार्थी उपस्थित थे।


Post a Comment