करहां के दशहरा मेला व पंडाल दर्शन हेतु उमड़ी भीड़
करहां (मऊ) : स्थानीय बाज़ार के प्रसिद्ध दशहरा मेला में मंगलवार शाम श्रद्धालुओं और दर्शकों की खासी भीड़ देखी गई। मेला मार्ग पर बने आकर्षक प्रवेश द्वार, विद्युत झालरों से सजे पंडाल और दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। देर शाम तक मेला में चहल-पहल बनी रही।
नवयुवक व्यापार मंडल दुर्गा पूजन समिति व श्रीमां दुर्गा पूजन समिति द्वारा लगाए गए दोनो दुर्गा पंडालों द्वारा विशेष साज-सज्जा की गई थी। मुख्य मार्ग पर नवयुवक व्यापार मंडल दुर्गा पूजन समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी विक्की वर्मा के सहयोग से लगाए गए विशाल तोरण द्वार आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। जगह-जगह लगे लाउडस्पीकरों से भक्ति गीत गूंज रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं ने पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और मेले का लुत्फ उठाया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद दिखा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उपनिरीक्षक वैभव कुमार पांडेय व अनिल सिंह हमराहियों के साथ लगातार चक्रमण कर रहे थे। विक्की वर्मा, अनिल भारद्वाज, विजयदास, राजेश यादव, चंदन सिंह, लालचंद शर्मा, अनिल चौरसिया, विनोद यादव आदि पदाधिकारी मेला व पंडाल व्यवस्था के सफल संचालन में लगे रहे।




Post a Comment