बाल दिवस पर बच्चों के बैंक की पहली क़िस्त का हुआ भुगतान
करहाँ (मऊ) : बाल दिवस के खास मौके पर शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय माहपुर में चल रहे बच्चों के बैंक की पहली किश्त का भुगतान किया गया। साथ ही 40 मेधावी बच्चों को उनकी गतिविधियों के पोस्टर प्रदान कर उन्हें पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। इससे बच्चे व उनके अभिभावक बेहद प्रसन्नचित दिखे।
बता दें कि इस विद्यालय में पिछले महीने चिल्ड्रेन बैंक आफ माहपुर स्थापित किया गया। इसमें बच्चे अपने जेबखर्च से पैसा बचत कर जमा करते हैं, जिन्हें महीने भर के बाद पांच प्रतिशत ब्याज के साथ विद्यालय परिवार वापस करता है। बाल दिवस पर बच्चों के द्वारा उनकी बचत द्वारा जमा किये गये इन्ही पैसों की पहली किस्त का भुगतान किया गया। इसे पाकर बच्चे खुशी से चहक उठे और इन पैसों का उपयोग वह पढ़ाई लिखाई से सम्बंधित सामग्री खरीदने के लिये उत्सुक दिखे।
विद्यालय के सहायक अध्यापक राजीव मौर्य ने बताया कि इससे बच्चों के अंदर पैसे के संचय की समझदारी का विकास होगा और बच्चे फिजूलख़र्च से बचेगें। साथ ही बच्चों की उपस्थिति में उत्तरोत्तर बढ़ोत्तरी होगी, क्योंकि इस बैंक में नियमित आने वाले बच्चों के ही खाते खोले जाते हैं।




Post a Comment