भजन-सत्संग व भंडारे के साथ संपन्न हुआ विश्वकर्मा पूजन
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में बुधवार को भगवान विश्वकर्मा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान करहां बाजार के पूजा आटो गैरेज पर योगेंद्र राजभर व रविन्द्र राजभर द्वारा निरंकारी संत समागम, भजन, सत्संग व विशाल भंडारे का आयोजन संपन्न किया गया। इसमें सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिकों व श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गाज़ीपुर से पधारे प्रचारक संत रामनिवास महाराज ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के रचयिता हैं। ईश्वर हमें बनाते हैं और हमारे पास जो कुछ भी संसाधन हैं, उसके निर्माता भगवान विश्वकर्मा हैं। कहा कि परमपिता परमात्मा की अनुभूति प्राप्त करना ही मनुष्य का प्रमुख लक्ष्य है। परमेश्वर निराकार है और सभी मनुष्य उसी एक ही ईश्वर की संतान हैं। उसके ज्ञान मात्र से ही जाति, धर्म, रंग और धन आदि के सभी भेदभाव समाप्त हो जाते हैं और सभी में विनम्रता व प्रेम भाव का संचार होता है। इससे मानव जीवन आनंदमय बन जाता है।
कार्यक्रम का संचालन शिवबचन महाराज ने किया। इस अवसर पर जुटे महात्मा व भक्तजन हरिश्चन्द्र महाराज, गुड्डू कुमार, महात्मा राजमणि, प्रकाश कुमार, दुर्गा देवी, कमलावता देवी, सुमित्रा देवी, कौशल्या देवी, रीता देवी आदि ने घंटो भजन कार्यक्रम में भाग लिया।


Post a Comment