Top News

भैंसहा प्राथमिक विद्यालय का विलय रद्द होने पर हर्ष

भैंसहा प्राथमिक विद्यालय का विलय रद्द होने पर हर्ष

पड़ोसी गांव पिटोखर में हुआ था विलय, अधिक दूरी व ग्रामीणों के अनुरोध पर पुनः हुआ बहाल

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के भैंसहा-मालव प्राथमिक विद्यालय का विलय पिछले दिनों रद्द कर दिया गया। इस खबर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों सहित अध्यापकों ने हर्ष जताया है। सोमवार को विद्यालय में बच्चों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गईं। पठन-पाठन शुरु  होने से परिसर पुनः गुलजार हो गया।

बता दें कि पिछले महीनों नए नियमों के तहत उक्त विद्यालय का विलय पड़ोसी राजस्व गांव पिटोखर में कर दिया गया था। अधिक दूरी का हवाला देते हुए समाजसेवी विकास नारायन चौहान व ग्रामवासियों ने इसका विलय रद्द करने के लिए सांसद राजीव राय, कांग्रेस नेत्री पूजा राय व उच्च अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाई। जांच व निरीक्षण में मर्ज हुए स्कूल से उसकी दूरी अधिक पाई गई। इसके उपरांत खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी की संस्तुति पर भैंसहा प्राथमिक विद्यालय की पेयरिंग रद्द कर पुनः उसका संचालन बहाल कर दिया गया।

इस दौरान स्कूल पहुंचकर विकास नारायन चौहान ने बच्चों का तिलक-चंदन कर स्वागत किया एवं उनका उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए उनके उज़्ज़वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं, अनेक अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।

इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय भैंसहा का विलय रद्द कर दिया गया है। चूंकि मर्ज हुए स्कूल से उसकी दूरी अधिक थी और बच्चों को आने-जाने में दिक्कत थी। इसलिए ग्रामीणों के अनुरोध पर विद्यालय को पुनः बहाल कर दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post