Top News

श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ हेतु निकली भव्य कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ हेतु निकली भव्य कलश यात्रा

•हाथी-घोड़े, रथ-डीजे, ध्वज-पताका व गाजे-बाजे के साथ तमसा तट के रामघाट पहुंची यात्रा

•श्रीमद आद्यजगदगुरु शंकराचार्य वैदिक शोध संस्थानम काशी के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती के श्रीमुख से होगी भागवत कथा

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के नारायणपुरम सिगाड़ी स्थित सनबीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण से रविवार पूर्वाह्न श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हाथी-घोड़े, रथ-डीजे, गाजे-बाजे, ध्वज-पताका, शंख, घरी-घंट की मधुर ध्वनि और जयघोष के बीच निकली, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा का नेतृत्व श्रीमद आद्यजगदगुरु शंकराचार्य वैदिक शोध संस्थानम, काशी के संस्थापक-अध्यक्ष व भारत राष्ट्र के प्रख्यात शांकर सन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने किया। यात्रा हलीमाबाद, बाईपास, शहीद चौक, कैलेंडर, शंकर तिराहा, विजय स्तंभ चौक होते हुए तमसा नदी के रामघाट तक पहुंची। वहां यज्ञाचार्य डाक्टर धनंजय पांडेय ने वैदिक आचार्यों अभिषेक तिवारी, एडवोकेट गौरव मिश्र, महेश मिश्र, शुभम तिवारी, विमल मिश्र, आयुष मिश्र, आशीष तिवारी, वैनतेय पांडेय, प्रियव्रत शुक्ल आदि के साथ विधिवत वरुण पूजन कराया।

यज्ञ के मुख्य यजमान पंकज युवराज सिंह ने पत्नी जूही संग वरुण पूजन संपन्न किया। इसके पश्चात पीत वस्त्र धारण की हुई 1008 कन्याओं व श्रद्धालु महिलाओं ने तमसा नदी का पावन जल कलश में धारण किया और पुनः चौक, इरादतगंज, बाईपास व हलीमाबाद होते हुए यज्ञस्थल पर लौटकर कलश स्थापना की। यात्रा का समापन प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

पंकज सिंह ने बताया कि सोमवार से रविवार तक स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 01 बजे से सायं 5:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का रसास्वादन कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कथायज्ञ में भाग लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर आशा देवी, रविभूषण प्रताप सिंह, पंडित हरिओम शरण महाराज, मोहर सिंह, दीपक गुप्ता डायमंड, श्याम चौबे, विभूति नारायण सिंह, अमित पाठक, डाक्टर प्रभात द्विवेदी, आशीष चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, अभिमन्यु द्विवेदी, पप्पू सिंह, शशांक त्रिपाठी, अंकित सरोज, विनीत यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post