Top News

श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा ने बांधा शमां

श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा ने बांधा शमां

◆हाथी-घोड़े, रथ-डीजे व गाजे-बाजे संग तमसा तट रामघाट तक पहुंची यात्रा

◆देश के प्रख्यात शांकर सन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वतीजी महाराज सुनाएंगे भागवत कथा


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत नारायणपुरम सिगाड़ी स्थित सनबीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर से रविवार पूर्वाह्न श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़े, रथ-डीजे, ध्वज-पताकाओं और शंख-घंटों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय और भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत कर दिया।


कलश यात्रा का नेतृत्व श्रीमद आद्यजगदगुरु शंकराचार्य वैदिक शोध संस्थानम, काशी के संस्थापक-अध्यक्ष एवं प्रख्यात शांकर संन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वतीजी महाराज ने किया। यात्रा हलीमाबाद, बाईपास, शहीद चौक, कैलेंडर, शंकर तिराहा और विजय स्तंभ चौक से होती हुई तमसा नदी के रामघाट पर पहुंची। वहां यज्ञाचार्य डॉ. धनंजय पांडेय ने वैदिक आचार्यों अभिषेक तिवारी, एडवोकेट गौरव मिश्र, महेश मिश्र, शुभम तिवारी, विमल मिश्र, आयुष मिश्र, आशीष तिवारी, वैनतेय पांडेय, प्रियव्रत शुक्ल आदि के सान्निध्य में विधि-विधान से वरुण पूजन संपन्न कराया।


यज्ञ के मुख्य यजमान युवराज पंकज सिंह ने पत्नी जूही सिंह के साथ वरुण पूजन किया। इसके उपरांत पीले वस्त्र धारण की हुईं सैकड़ों कन्याओं एवं श्रद्धालु महिलाओं ने तमसा नदी का पावन जल कलशों में भरकर पुनः चौक, इरादतगंज, बाईपास व हलीमाबाद मार्ग से यज्ञस्थल पर पहुंचकर कलश स्थापना की। इसके साथ ही प्रसाद वितरण कर यात्रा का समापन किया गया।


पंकज सिंह ने बताया कि सोमवार से रविवार तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5:30 बजे तक स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य रसपान कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथायज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर आशा देवी, रविभूषण प्रताप सिंह, पंडित हरिओम शरण महाराज, मोहर सिंह, दीपक गुप्ता डायमंड, श्याम चौबे, विभूति नारायण सिंह, अमित पाठक, डॉ. प्रभात द्विवेदी, आशीष चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, अभिमन्यु द्विवेदी, पप्पू सिंह, शशांक त्रिपाठी, अंकित सरोज, विनीत यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post