युवा महोत्सव व मेले में प्रतिभाशाली 272 युवाओं को किया गया सम्मानित
•सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान ने भातकोल में लगाया यूथ मेला
•आत्मनिर्भर भारत बनाने में युवाशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका : अमान अहमद
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के भातकोल स्थित बासमती देवी बालिका इंटर कालेज में रविवार को युवा महोत्सव एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। इसमें सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान भाटपारा सोफीगंज द्वारा युवाशक्ति की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच संस्था से जुड़े 272 युवाओं को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही गणमान्य अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं को भी अंगवस्त्र, माल्यार्पण, स्मृतिचिन्ह, डायरी व कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सबसे पहले यूपी यूथ प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सभाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र, मुख्य अतिथि समाजसेवी अमान अहमद व विशिष्ट अतिथि पूनम सिंह ने सरस्वती प्रतिमा पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान द्वारा गठित युवा संगठनों के युवक-युवतियों ने स्वागत गीत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह, बुजुर्गों की दशा पर नाटक, संविधान पर भाषण, एकल नृत्य, समूह नृत्य, पेंटिग प्रदर्शनी आदि प्रस्तुतियों से शमां बांध दिया। आयोजक व संस्था के सचिव एस. के. पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह महोत्सव युवाशक्ति एवं बच्चों के अंदर छुपी हुई विभिन्न प्रतिभाओं को निखारने एवं प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया है।
मुख्य अतिथि शिक्षक, समाजसेवी व समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अमान अहमद ने कहा कि हमारा देश गंगा जमुनी तहजीब की मिशाल है। देश के सर्वागीण विकास में हर वर्ग का योगदान है। उन्होंने प्रतिभाशाली युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता का प्रयोग कर आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करने में सहयोग करें।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कुंवर अजीत प्रताप सिंह ने तो धन्यवाद ज्ञापन एस.के. पांडेय ने किया। इस अवसर पर पूनम सिंह, अमरेश यादव, विवेक पांडेय, रुद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र पांडेय, भूपेंद्र कुमार, कमलकांति, शिवम पांडेय, पंकज पांडेय, राकेश कुमार सहित सैकड़ों बालक-बालिकाएं एवं युवक-युवतियां उपस्थित थे।







Post a Comment