Top News

हिंदू सम्मेलन में एकता, जागरण और राष्ट्रचिंतन का संदेश

हिंदू सम्मेलन में एकता, जागरण और राष्ट्रचिंतन का संदेश

◆जाति-वर्ग की दीवारें गिराकर संगठित हो सनातन समाज : रामविलास चौबे

◆राष्ट्र की शक्ति और समृद्धि का आधार बने हिंदू समाज : माया सिंह

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शनिवार अपराह्न सुरहुरपुर स्थित सरयू इंटर कॉलेज के पास आयोजित हिंदू सम्मेलन में समाज की एकता, जागरूकता और सामाजिक समरसता पर गहन विचार हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही और वक्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता सह प्रांत कार्यवाह रामविलास चौबे ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों को देखते हुए हिंदू समाज को अपने भीतर व्याप्त जाति और वर्ग के भेदभाव को समाप्त कर एक मंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि सभी जातियों के लोग हिंदू हैं और सनातन संस्कृति से जुड़े हैं। समाज को आत्मरक्षा, संस्कृति संरक्षण और राष्ट्रहित के लिए शस्त्र और शास्त्र दोनों में दक्ष होना आवश्यक है। इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आपसी बंटवारे और चेतना के अभाव में हिंदू समाज कई देशों में कमजोर हुआ है। यदि आज भी एकजुटता नहीं दिखाई गई, तो आने वाले समय में अपने ही देश में सामाजिक शक्ति कमजोर पड़ सकती है।

महिला वक्ता समाजसेविका माया सिंह ने कहा कि हिंदू समाज का मूल स्वभाव राष्ट्रप्रेम और सेवा का रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज संगठित प्रयासों के माध्यम से शिक्षा, सेवा और संस्कार के क्षेत्रों में आगे आए, ताकि देश को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाया जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिक्षक अभिनव तिवारी ने कहा कि हिंदू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता में निहित है। उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ समाज को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इससे पूर्व अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन बौद्धिक प्रमुख सुधाकर राय एवं लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने प्रभावी ढंग से किया। समापन अवसर पर वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. उमेश सरोज एवं भाजपा नेत्री पूनम सरोज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।



 सम्मेलन में खंड सह संचालक रमेश कुमार, खंड कार्यवाह धर्मेंद्र सिंह, जिला गोसेवा प्रमुख अशीत कुमार पाठक, नगर प्रचारक मुकेश कुमार, अंकित सरोज, आशीष राय, निखिल तिवारी, ओमकार सिंह मुन्ना, भूपेंद्र सिंह, इंद्रपाल राम, आशीष चौधरी, प्रभाकर राय, ज्ञानेंद्र प्रताप, प्रहलाद चौहान सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post