देवलास की पावन धरती पर गूंजे वैवाहिक मंत्र, 11 जोड़ों ने थामा जीवनसाथी का हाथ
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत देवल मुनि की तपोभूमि देवलास एक बार फिर मंगलध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठी। संत सुघर दास महाराज मंदिर प्रांगण में शनिवार दोपहर स्वामी विवेकानंद सेवा संस्थान, देवलास के तत्वावधान में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर अलग-अलग जनपदों से आए 11 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और भगवान शिव-पार्वती को साक्षी मान जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
विवाह समारोह को विद्वान ब्राह्मण श्यामसुंदर पाण्डेय ने वैदिक रीति-रिवाज और वेदमंत्रों के साथ संपन्न कराया। पूरे वातावरण में मंगल गीत, शंखनाद और वैदिक मंत्रों की गूंज से आध्यात्मिक आभा छाई रही। इस अवसर पर आजमगढ़, गाजीपुर और मऊ जनपद से आए वर-वधुओं ने सादगी और परंपरा के बीच अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार प्रांत के प्रसिद्ध भोजपुरी फिल्म अभिनेता व कलाकार अंकुश राजा तथा विशिष्ट अतिथि मार्स आर्बिट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड गोरखपुर के डायरेक्टर विक्की यादव मौजूद रहे। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ।
संस्था के मुखिया रामप्रवेश उर्फ अनुराग यादव ने सहयोगियों के साथ मिलकर सभी नवदंपतियों को एक-एक सेट बेड, गद्दा, रजाई, बेडशीट, तकिया, कुर्सी, श्रृंगार बॉक्स, श्रृंगार सामग्री, साड़ी, बर्तन, दीवार घड़ी, कलाई घड़ी, अटैची, बॉक्स तथा प्रमाण पत्र सहित विदाई का अन्य आवश्यक सामान भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयभीम कुमार, हरिनाथ प्रसाद, ग्राम प्रधान हृदयनारायण यादव, ग्राम पंचायत सदस्य अभिषेक यादव, रवि यादव, संजय यादव, देवेंद्र, डॉ. राममूरत यादव, संतोष सिंह, सुरेंद्र नाथ यादव, चंदन मद्देशिया, सतेंद्र यादव, माया दास, मुकुंद, विहारी, पंकज बडाना, दुर्गविजय जायसवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment