कौशल विकास प्रशिक्षण से रोजगार के नए अवसरों का होगा विकास : रामाश्रय सिंह
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद स्थित आरएएफ महिला पीजी कालेज में शनिवार को नांदी फाउंडेशन के सौजन्य से छह दिवसीय साफ्ट स्किल एवं इम्प्लायबिलिटी स्किल प्रशिक्षण का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इसमें विभिन्न तरीकों से कौशल विकास एवं रोजगार प्राप्ति के अवसरों को भुनाने के गुर सिखाए गए। प्रबंधक रामाश्रय सिंह ने इस कौशल विकास प्रशिक्षण को रोजगार के नए अवसरों का द्वार बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण 9 मार्च से 14 मार्च तक संचालित हुआ, जिसमें महाविद्यालय की अंतिम वर्ष की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक ऋषिकांत कुशवाहा ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को साक्षात्कार देने की कला, व्यक्तित्व विकास, शारीरिक भाषा प्रस्तुतीकरण के तरीके तथा कौशल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। प्रबंधक रामाश्रय सिंह ने प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना और उनमें आत्मविश्वास का विकास करना बताया। छात्राओं ने इस प्रशिक्षण को अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधक ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र वितरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।





Post a Comment