नाले की जाली तोड़ फंसा मिनी ट्रक, देर शाम जेसीबी से निकाला गया
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के सामने जल निकासी के लिए बने नाले पर लगी लोहे की जाली एक मिनी ट्रक के दबाव से टूट गई, जिससे ट्रक का पहिया नाले में धंस गया और वाहन वहीं फंस गया। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही, इसे देर शाम जेसीबी द्वारा उसे बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार चोकर लादकर एक मिनी ट्रक कस्बे की ओर आ रहा था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस की डायल 112 की गाड़ी खड़ी थी। ट्रक चालक वाहन को मोड़कर दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहा था। मोड़ते समय ट्रक का अगला बायां पहिया नाले के ऊपर लगी जाली पर चढ़ गया, जिससे जाली अचानक टूट गई और पहिया सीधे नाले में धंस गया।
घटना के बाद चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। देर शाम तक ट्रक को नाले से बाहर निकालने का प्रयास जारी रहा। इस दौरान कुछ देर के लिए वहां आवागमन भी प्रभावित रहा और राहगीरों की भीड़ लगी रही। देर शाम जेसीबी द्वारा फंसे ट्रक को निकालने में सफलता प्राप्त हो गई।


Post a Comment