होली मिलन में 75 लोंगो को महाराणा प्रताप सम्मान से किया गया सम्मानित
•करहां के मठ गुरादरी धाम पर सम्पन्न हुआ सनातन धर्मियों का होली मिलन समारोह
•महाराणा प्रताप के आदर्शों का देश करे अनुकरण : अनिल सिंह
•घुटमा निवासी कलाकार विजय कुमार ने अपने रक्त से महाराणा प्रताप का चित्र बनाकर भेंट किया
करहां (मऊ) : करहां स्थित बाबा घनश्याम साहब की तपस्यास्थली मठ गुरादरी धाम पर रविवार को सनातन धर्मियों का होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। इसमें होली गीतों की धुनों पर सबने चंदन, इत्र व फूलों से होली खेली व एकदूसरे को गले लगाकर पकवानों का आनंद लिया। समारोह में विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले 75 लोंगो को महाराणा प्रताप सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सभाध्यक्ष बयालिस बेरुवार बिरादरी के अध्यक्ष शषिभूषण सिंह, मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह व विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायधीश बृजराज सिंह सिसोदिया ने महाराणा प्रताप व चामुंडा चिलाय माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीपप्रज्वलन के साथ की। मां शारदे के वरदहस्त प्राप्त पुत्रों वरिष्ठ तबला वादक रामजनम सिंह, प्रख्यात गजल गायक अभय सिंह, गायक शुभम प्रताप, भूपेंद्र पांडेय, पिंटू राजभर, तबला स्टार आशुतोष तोमर व सुरेशचंद वर्मा ने विभिन्न होली-फाग व चैता-झूमर के गीतों से शमां बांध दिया। इन फाग गीतों पर लोग झूमते-नाचते-गाते और होली खेलते नज़र आये।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप देश की आन, बान, शान व स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनके त्याग, पराक्रम व सर्वसमाज को लेकर चलने की कुशलता सम्पूर्ण देश के लिए प्रेरणास्रोत है। यदि हमारे अंदर राणा जैसी राष्ट्रीय भावना बलवती नहीं होगी तो देश पुनः सांस्कृतिक गुलामी का शिकार हो जायेगा। सत्य और सनातन मिटाए नहीं मिट सकते।
कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, खेल, कृषि, व्यवसाय, समाजसेवा, पत्रकारिता, गायन, वादन, लेखन आदि के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 गणमान्यों को महाराणा प्रताप का चित्र, अंगवस्त्र, पटका व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। समारोह में घुटमा गांव निवासी पेंसिल स्कैच व पेंटिग कलाकार विजय कुमार ने अपने खून से बनाये गए महाराणा प्रताप का बनाकर मुख्य अतिथि को भेंट किया। उसने भावुक स्वर में बताया कि महाराणा प्रताप के त्याग, बलिदान व वीरता से देश उऋण नहीं हो सकता। उनके देश के लिए बलिदान का स्मरण करते अपने रक्त से उनका चित्र बनाकर भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित करने की भावना से मैंने यह कार्य किया है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण संयोजक नागेंद्र सिंह व राष्ट्रीय गौरक्षा वाहिनी गौसेवा संघ के प्रदेश महामंत्री ओ.पी. सिंह, धन्यवाद ज्ञापन महाराणा प्रताप सेना के ब्लाक अध्यक्ष संजय सिंह व कुशल मंच संचालन कुंवर अजीत प्रताप ने किया। इस अवसर पर सूर्यभान सिंह, रामनाथ सिंह, नैयर आलम, विजय बहादुर सिंह, सुबाशंकर सिंह, बसंत कुमार, डाक्टर कुंवर अनुराग, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, राधेकांत मद्धेशिया, सत्यप्रकाश आदि सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।










Post a Comment