टायर फटने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक खाई में गिरा, चालक-परिचालक सुरक्षित
करहां (मऊ) : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे खाई में जा गिरा। हादसा रानीपुर थाना क्षेत्र के पास किलोमीटर संख्या 279.1 पर सुबह लगभग 7:30 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर से गिट्टी लादकर बिहार जा रहा ट्रक अचानक बाएं टायर के फट जाने से चालक का नियंत्रण खो बैठा और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे पलट गया।
हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरु कर दी। रानीपुर पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में टायर फटना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी घटना है। इससे पहले बुधवार को भुसुवा के पास आलू लदा ट्रक पलट गया था, जबकि एक अन्य हादसे में गुरुवार को थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई थी।


Post a Comment