फाग-चैता की सुरमई गूंज और रंग-गुलाल की बौछार के बीच मनी होली
करहां, मऊ। फागुन की मादक बयार, ढोल-मजीरों की थाप और फाग-चैता की सुरमई गूंज के साथ मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां परिक्षेत्र में होली का पर्व पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। गांव-गांव में रंगों की फुहार और गीतों की मिठास ने ऐसा समां बांधा कि हर चेहरा मुस्कुराहट और अपनत्व के रंग में रंगा नजर आया।
माहपुर, करहां, अरैला, भतड़ी, नगपुर, राजापुर, बरसवां, नेवादा, देवरिया, दरौरा, याकूबपुर, मालव, तिलसवां, भाँटी, शमशाबाद सहित विभिन्न गांवों में फाग और चैता की चौपालें सजीं। ढोलक, झांझ और मंजीरों की थाप पर गूंजते पारंपरिक फाग गीतों ने माहौल को रस और राग से भर दिया। दूसरी ओर बाजारों में युवाओं की टोलियां पारंपरिक ‘कपड़ा फाड़ होली’ की मस्ती में झूमती दिखाई दीं।
सुबह से दोपहर तक लोग रंग और गुलाल में सराबोर नजर आए। शाम ढलते ही लोग नए वस्त्र पहनकर एक-दूसरे के घर पहुंचे, अबीर-गुलाल का टीका लगाया, बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।
घर-आंगन में गुझिया, सेवड़ा, खस्ता, छोला, खीर, पूवा और पूड़ी की खुशबू से मेहमानों का स्वागत हुआ। रंग, रस और रिश्तों की मिठास से सराबोर यह पर्व पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और परंपरा की सुगंध बिखेरता नजर आया।







Post a Comment