माहपुर और महमूदपुर में आस्था की इमारत, विक्की वर्मा का सहयोग बना मिसाल
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जहां आस्था की नींव मजबूत हो और श्रद्धा की ईंटें जुड़ती चली जाएं, वहां मंदिर केवल इमारत नहीं, बल्कि विश्वास का प्रतीक बन जाते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों माहपुर और महमूदपुर गांव में देखने को मिल रहा है, जहां मंदिर निर्माण का कार्य पूरे उत्साह और सहयोग की भावना के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
माहपुर गांव में स्थित श्री शिव-दुर्गा मंदिर का शिखर इन दिनों आकार ले रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था और ग्रामीणों के सहयोग से लगभग 31 लाख रुपये की लागत से 70 फीट ऊंचा भव्य शिखर तैयार किया जा रहा है, जो पूर्ण होने के बाद दूर से ही श्रद्धा का संदेश देता दिखाई देगा। मंदिर के पुजारी सुनील राजभर के अनुसार इस भव्य शिखर का निर्माण अनुभवी राजमिस्त्री रामबदन चौहान के हाथों हो रहा है, जिन्होंने अब तक दो दर्जन से अधिक मंदिरों और शिखरों को अपनी कारीगरी से सजाया है।
वहीं महमूदपुर गांव में भी पारंपरिक शिव मंदिर का निर्माण श्रद्धा और सहयोग की मिसाल बना हुआ है। गांव के लोगों की भागीदारी से मंदिर की दीवारें खड़ी हो चुकी हैं और अब छत ढालने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में करहां क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी व समाजसेवी विक्की वर्मा ने सोमवार की शाम एक ट्राली गिट्टी दान कर मंदिर निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गांव निवासी अर्जुन राणा ने बताया कि मंदिर की छत तक निर्माण की अनुमानित लागत लगभग 5 लाख रुपये है और इसकी ऊंचाई 11 फीट रखी जा रही है। तीसरे चरण में मंदिर के शिखर का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि जब समाज के लोग मिलकर आस्था की इस डगर पर कदम बढ़ाते हैं तो मंदिर केवल पत्थरों से नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और प्रेम से बनता है। माहपुर और महमूदपुर में चल रहा यह निर्माण कार्य इसी सामूहिक भावना और धार्मिक आस्था का जीवंत उदाहरण बनता जा रहा है।




Post a Comment