Top News

अटूट श्रद्धा और सच्ची भक्ति से ही संभव है ईश्वर का साक्षात्कार : किशोरी शरण महाराज

अटूट श्रद्धा और सच्ची भक्ति से ही संभव है ईश्वर का साक्षात्कार : किशोरी शरण महाराज

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के खुरहट बाजार में श्री ठाकुरजी राजजानकी मंदिर सेवा समिति कसारी के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय रामकथा का आयोजन इन दिनों भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है। कथा के छठवें दिन कथावाचक किशोरी शरण महाराज ने ध्रुव चरित्र तथा शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और प्रेरणादायी वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, तप और समर्पण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई भक्ति और अटूट विश्वास ही मनुष्य को ईश्वर के साक्षात्कार तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

कथा प्रवचन के दौरान महाराज ने ध्रुव चरित्र का उल्लेख करते हुए बताया कि बालक ध्रुव ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद भगवान के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी और कठोर तपस्या की। उनकी इसी निष्ठा और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें दर्शन दिए और उन्हें आकाश में ध्रुव तारा के रूप में अमरत्व प्रदान किया। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि दृढ़ निश्चय, धैर्य और सच्ची श्रद्धा के बल पर मनुष्य जीवन की हर बाधा को पार कर सकता है।

इसी क्रम में शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का भी उन्होंने विस्तृत वर्णन किया। कथावाचक ने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या और साधना की, जिसके फलस्वरूप अंततः उनका भगवान शिव के साथ दिव्य विवाह संपन्न हुआ। इस प्रसंग को सुनकर कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर हो उठे और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

कथा आयोजनगण डॉ. अमित उपाध्याय, संजय यादव, सुशील, सोनू, गौरव, देवेंद्र, सुनील, दिनेश, संतोष वर्मा, सतीश, नवीन चौहान सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजकों के अनुसार यह नौ दिवसीय रामकथा 18 मार्च तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन कथा प्रवचन के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post