अज्ञात कारणों से चिकन व्यवसायी की दुकान में लगी आग
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के माहपुर-गद्दोपुर स्थित एक चिकन व्यवसायी की दुकान में सोमवार देर रात्रि अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग दौड़े और अन्य लोंगो को बुलाकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस दस्ते ने भी आग बुझाने में सहयोग किया और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
करहां निवासी चिकन व्यवसायी सोनू हाशमी रोज की तरह देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात में 11 बजे आग लगने की सूचना दुकान के आसपास रहने वाले लोंगो से उसे प्राप्त हुई। दौड़ा-दौड़ा वह मौके पर पहुंचा तबतक सबकुछ जल चुका था। आसपास के लोंगो और पुलिस ने बगल के घरों से पानी लेकर आग पर काबू पाया। यदि समय रहते दुकान को पीछे गड्ढे में गिराकर आग बुझाई नहीं जाती तो वहां आसपास बहुत सारी चिकन व्यवसायियों की गुमटियां भी आग की चपेट में आ जाती और बाजार को एक बड़े हादसे का शिकार होना पड़ता।
पुलिस की पूछताछ में दुकान मालिक सोनू हाशमी ने बताया कि उसे शक है कि आग लगी नहीं है, बल्कि किसी के द्वारा लगाई गई है। वह सुबह अज्ञात लोंगो के विरुद्ध इस मामले में संबंधित थाने में तहरीर देकर उचित कार्यवाही की मांग करेगा।

Post a Comment