Top News

किसानों को उद्यमिता व डिजिटल कौशल का दिया जा रहा प्रशिक्षण

किसानों को उद्यमिता व डिजिटल कौशल का दिया जा रहा प्रशिक्षण

करहां (मऊ) : रसूलपुर करहां स्थित रविदास मंदिर परिसर में किसानों के लिए पांच दिवसीय प्रोड्यूसर लेयर ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के तत्वाधान में जागृति उद्यम केंद्र द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य किसानों को उद्यमिता, डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरुक कर आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में देवरिया जनपद से आई प्रशिक्षक दिव्या पांडेय और संध्या यादव किसानों को व्यावहारिक जानकारी दे रही हैं, जबकि भीष्म सिंह बतौर ट्रेनर सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन धनंजय विश्वकर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजक चंद्रपाल चौहान ने बताया कि संस्था पूर्वांचल के सात जिलों में सक्रिय रहकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम की खास बात यह है कि किसानों को सरल एवं रोचक तरीके से कहानी के माध्यम से उद्यमिता के गुर सिखाए जा रहे हैं, जिससे वे इसे आसानी से समझकर अपने स्तर पर स्वरोजगार के नए रास्ते तलाश सकें।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गूगल मीट, व्हाट्सएप मैसेज, वीडियो कालिंग, ईमेल, सोशल मीडिया, गूगल ट्रांसलेट, आनलाइन संचार एवं आनलाइन भुगतान जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग सिखाया जा रहा है। साथ ही लैपटाप, डेस्कटाप, स्मार्टफोन एवं प्रिंटर जैसे उपकरणों के संचालन की भी जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा फाइनेंशियल लिटरेसी के अंतर्गत फंड मैनेजमेंट, डाकघर में निवेश, एफडी, हेल्थ इंश्योरेंस तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य किसानों को आर्थिक रुप से सशक्त बनाना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को रोकना है। इस अवसर पर मोहम्मद खान, जयश्रीराम, संजय कुमार, विशाल शर्मा, संगीता, प्रिया, सोहित सरोज, जनार्दन यादव, विकास सरोज सहित कई उन्नतशील किसान उपस्थित रहे और प्रशिक्षण का लाभ उठाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post