Top News

नौनिहालों का किया गया निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

नौनिहालों का किया गया निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जहां शिक्षा की पाठशाला में ज्ञान के दीप प्रज्वलित होते हैं, वहीं स्वस्थ शरीर और सजग जीवन की भावना भी अंकुरित होती है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए स्थानीय ब्लॉक के दरौरा-करहां स्थित जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में मंगलवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस जनोपयोगी पहल में लगभग 300 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं प्रदान की गईं।

विद्यालय के प्रबंधक एवं सेवानिवृत्त कृषि उपनिदेशक हरिनारायण सिंह की प्रेरणादायी पहल पर आयोजित इस शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. पाठक तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री प्रसाद ने बच्चों के स्वास्थ्य का बारीकी से परीक्षण किया। सुबह की सौम्य किरणों के साथ आरंभ हुआ यह सेवा-कार्य संध्या तक निरंतर चलता रहा और बच्चों के चेहरे पर स्वस्थ भविष्य की आशा जगाता रहा।

चिकित्सकों ने बताया कि अधिकांश बच्चों में कोई गंभीर बीमारी नहीं पाई गई, किन्तु कुछ विद्यार्थियों में कम रोशनी, दांतों में कैविटी, मसूड़ों की सूजन, दांतों में दर्द तथा साफ-सफाई से जुड़ी छोटी-मोटी समस्याएं देखने को मिलीं। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक समझाया कि स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या ही स्वस्थ जीवन की सच्ची आधारशिला है। यदि बचपन में ही इन आदतों को अपनाया जाए तो अनेक रोग स्वतः दूर रह सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय ने दोनों चिकित्सकों का हृदय से स्वागत करते हुए उन्हें बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर केवल उपचार का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता की नई अलख जगाने का पावन प्रयास हैं। इस अवसर पर कृपानारायण, अजय सिंह ‘टुनटुन’, संतोष चौहान, अशोक दूबे, देवदत्त कुमार, सिया सिंह, सरिता, आरती, शिवनाथ यादव सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post