Top News

महाराणा प्रताप त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक : अनिल सिंह

महाराणा प्रताप त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक : अनिल सिंह

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां स्थित बाबा घनश्याम साहब की तपोभूमि मठ गुरादरी धाम में रविवार को होली मिलन समारोह उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। फाग और चैता की मधुर धुनों के बीच चंदन, इत्र और फूलों से होली खेलते हुए लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 लोगों को महाराणा प्रताप सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभाध्यक्ष शशिभूषण सिंह, मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश बृजराज सिंह सिसोदिया ने महाराणा प्रताप और चामुंडा चिलाय माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद कलाकारों ने फाग, चैता और झूमर गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया।

समारोह के दौरान घुटमा गांव निवासी पेंसिल व पेंटिंग कलाकार विजय गौतम ने अपने रक्त से उकेरी हुई महाराणा प्रताप की छवि मुख्य अतिथि को भेंट कर सभी को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि यह चित्र वीरता और स्वाभिमान के अमर प्रतीक को समर्पित श्रद्धांजलि है। मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनका जीवन संघर्ष और पराक्रम की ऐसी गाथा है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी।

इस अवसर पर शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, समाजसेवा, पत्रकारिता व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 लोगों को अंगवस्त्र, चित्र और पटका देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नागेंद्र सिंह, ओ.पी. सिंह, संजय सिंह, सूर्यभान सिंह, रामनाथ सिंह, नैयर आलम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। संचालन कुंवर अजीत प्रताप ने किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post