सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण से निखरी छात्राओं की प्रतिभा, रोजगार के अवसरों की मिली नई दिशा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के शमशाबाद स्थित आरएएफ महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को नांदी फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित छह दिवसीय सॉफ्ट स्किल एवं इम्प्लॉयबिलिटी स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कौशल विकास, व्यक्तित्व निखार और रोजगार के अवसरों को पहचानने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए, जिससे उनके भविष्य की राह और भी स्पष्ट व सशक्त हो सके।
बतादें कि यह प्रशिक्षण 9 मार्च से 14 मार्च तक संचालित हुआ, जिसमें महाविद्यालय की अंतिम वर्ष की सभी छात्राओं ने उत्साह और लगन के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक ऋषिकांत कुशवाहा ने विभिन्न गतिविधियों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से छात्राओं को साक्षात्कार देने की कला, व्यक्तित्व विकास, शारीरिक भाषा, प्रभावी प्रस्तुतीकरण तथा कौशल विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
महाविद्यालय के प्रबंधक रामाश्रय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कौशल विकास ही आज के दौर में सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उन्हें रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने इसे छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने वाला एक सशक्त कदम बताया।
छात्राओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यक्तित्व को निखारने और भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रबंधक रामाश्रय सिंह ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस दौरान महाविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।





Post a Comment