गुरादरी के होली मिलन समारोह में सम्मानित हुए विविध क्षेत्रों के गणमान्य
करहां, मऊ। करहां क्षेत्र के प्राचीन सतनामी गुरादरी धाम कुटी के सभागार में रविवार को होली मिलन एवं चतुर्थ महाराणा प्रताप सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। लगभग 500 लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 लोगों को महाराणा प्रताप सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद होली मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया। अभय सिंह व शुभम प्रताप ने “होली कनक भवन में खेलत रघुबीर, राम के हाथे कनक पिचकारी, सीता के हाथे अबीर” की संगीतमय प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता शशिभूषण प्रताप सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त न्यायाधीश बृजराज सिंह सिसोदिया, प्रदेश प्रभारी सूर्यभान सिंह, पूर्व वायु सैनिक नागेंद्र सिंह, प्रदेश महासचिव संजय सिंह, तहसील अध्यक्ष मोहर सिंह, ओपी सिंह, उमाशंकर सिंह, बृजनाथ सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान घुटमा गांव निवासी विजय गौतम ने अपनी अंगुली से रक्त निकालकर स्केच के माध्यम से महाराणा प्रताप की अनोखी छवि उकेरी, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावुक हो उठे और उनकी इस कला की सराहना करते हुए उनका स्वागत किया गया।
सम्मान समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए करहां के डॉ. सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव व डॉ. अनुराग सिंह को सम्मानित किया गया। शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए श्रीनिवासन सिंह, किशन सिंह, विशाल सिंह व गुरुप्रसाद सिंह को सम्मान दिया गया। वहीं कृषि क्षेत्र में महेंद्र सिंह, बलिराम चौहान, दुर्गविजय राजभर व शिवबचन राजभर को सम्मानित किया गया। इसके अलावा व्यापार जगत से राधेश्याम मद्धेशिया, गुरु चौहान व अजय वर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कुल 75 लोगों को अंगवस्त्र व महाराणा प्रताप का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अनिल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में जहां भी अन्याय होगा, वहां महाराणा प्रताप सेना न्याय दिलाने के लिए आगे आएगी। कार्यक्रम के दौरान “महाराणा प्रताप अमर रहें” के जयघोष से पूरा परिसर गूंजता रहा। अंत में सभी लोगों ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन तारकेश्वर सिंह ‘अजीत’ ने किया।






Post a Comment