Top News

होली मिलन समारोह में कलाकार विजय गौतम ने भेंट किया खून से बना राणाप्रताप का चित्र

होली मिलन समारोह में कलाकार विजय गौतम ने भेंट किया खून से बना राणाप्रताप का चित्र

करहां, मऊ। करहां स्थित बाबा घनश्याम साहब की तपोभूमि मठ गुरादरी धाम में रविवार को सनातन समाज का होली मिलन समारोह रंग, उमंग और अपनत्व की सुगंध के साथ संपन्न हुआ। फाग और चैता की मधुर स्वरलहरियों के बीच चंदन, इत्र और फूलों की खुशबू से पूरा परिसर महक उठा। लोग एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाइयाँ देते रहे और माहौल प्रेम, सौहार्द व उल्लास के रंगों में रंगा दिखाई दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 लोगों को महाराणा प्रताप सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभाध्यक्ष शशिभूषण सिंह, मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश बृजराज सिंह सिसोदिया ने महाराणा प्रताप और चामुंडा चिलाय माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद वरिष्ठ तबला वादक रामजनम सिंह, गजल गायक अभय सिंह, शुभम प्रताप, भूपेंद्र पांडेय, पिंटू राजभर, आशुतोष तोमर और सुरेशचंद वर्मा ने फाग, चैता और झूमर की रसधार बहा दी। गीतों की ताल पर लोग झूमते, मुस्कुराते और होली के रंगों में सराबोर दिखाई दिए।

समारोह के दौरान घुटमा गांव निवासी पेंसिल व पेंटिंग कलाकार विजय गौतम ने अपने रक्त से उकेरी हुई महाराणा प्रताप की अद्भुत छवि मुख्य अतिथि को भेंट की। इस अनूठे समर्पण को देखकर उपस्थित लोग भावुक हो उठे। विजय गौतम ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, स्वाभिमान और वीरता की अमर गाथा है, और उसी श्रद्धा को अपने रक्त की बूंदों से चित्र में उतारने का उन्होंने प्रयास किया है।

मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप देश की आन, बान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनका संघर्ष और त्याग भारतीय संस्कृति की वह ज्योति है, जो पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान का मार्ग दिखाती रहेगी। इस अवसर पर शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, खेल, समाजसेवा, पत्रकारिता, व्यवसाय, गायन-वादन और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 लोगों को महाराणा प्रताप का चित्र, अंगवस्त्र और पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में नागेंद्र सिंह, ओ.पी. सिंह, संजय सिंह, सूर्यभान सिंह, रामनाथ सिंह, नैयर आलम, विजय बहादुर, सभाजीत सिंह, उमाशंकर सिंह दाढ़ी, बसंत कुमार, डॉ. अनुराग सिंह, डॉ. सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, राधेकांत मद्धेशिया, सत्यप्रकाश सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुंवर अजीत प्रताप ने किया।



Post a Comment

Previous Post Next Post