सड़क हादसे में किसान की मौत, अज्ञात चालक पर केस दर्ज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद कोतवाली के मीरपुर रहीमाबाद गांव में रविवार की शाम छह बजे ट्रैक्टर ट्राली के टक्कर से किसान की मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़ने के बाद फरार हो गया। मृत किसान के पुत्र ने अज्ञात ट्राली चालक के विरुद्ध तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच-पड़ताल मे जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के मीरपुर रहीमाबाद गांव निवासी 59 वर्षीय रमपति राजभर शाम को खेत में चर रहे मवेशी को बाहर निकलकर सड़क से सिवान की तरफ ले जा रहे थे। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इसमें मवेशी के साथ ही किसान भी चपेट में आ गया। मवेशी की मौके पर मौत हो गई और किसान गंभीर रुप से घायल हो गया। किसान को गंभीर हालत में सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया।

Post a Comment