मठ गुरादरी पर सजेगा आस्था का मेला, रामनवमी पर उमड़ेगा जनसैलाब
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के वैराग्याश्रम मठ गुरादरी धाम एक बार फिर भक्ति के रंग में रंगने को तैयार है। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को यहां भव्य मेले का आयोजन होगा, जहां हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। तैयारियों की रफ्तार तेज है और पूरा धाम उत्सव की आहट से गूंज रहा है।
बता दें कि बाबा घनश्याम दास की तपोस्थली के रूप में विख्यात यह धाम, आस्था का ऐसा संगम है जहां पाताल गंगा सरोवर में स्नान कर भक्त अपने मन को पवित्र करते हैं और समाधि स्थल पर शीश नवाकर आशीर्वाद पाते हैं। जहां जल में बसती है तप की कहानी, जहां हर सांस में रची है भक्ति पुरानी। मान्यता है कि यहां की पावन भूमि पर की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती।
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अन्नपूर्णा भंडार में नई फसल अर्पित कर भभूत प्रसाद ग्रहण करते हैं और महंत मानस धुरंधर भगवान दास जी का आशीर्वाद लेते हैं। मेले की तैयारियों में जुटे सेवक और प्रशासन पूरी निष्ठा से लगे हैं, ताकि यह आस्था का उत्सव हर दिल में एक नई रौशनी भर दे। भक्ति की राह में जो कदम बढ़ाए, गुरादरी धाम उसे मंज़िल तक पहुंचाए।


Post a Comment