नवोदय विद्यालय में चयनित हुई नरौनी की सेजल, विद्यालय में खुशी की लहर
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय नरौनी की कक्षा 5 की मेधावी छात्रा सेजल कुमारी ने नवोदय विद्यालय में चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय परिसर में प्रमाण पत्र वितरण के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर सेजल कुमारी एवं उनके अभिभावक को सम्मानित किया गया।
सेजल गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार की पुत्री हैं और विद्यालय की मेधावी छात्रा थीं। खंड शिक्षा अधिकारी ओ.पी. तिवारी ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सेजल की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।
इस मौके पर प्रधानाध्यापक अनुज यादव समेत शिक्षकगण हिमांशु विक्रम सिंह, अंकित सिंह एवं अंशुमान सिंह ने छात्रा की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल सेजल की कड़ी मेहनत, बल्कि विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि सेजल की इस उपलब्धि से अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रेरित होंगे और भविष्य में इसी तरह की सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

Post a Comment