नए सत्र के साथ समाचार पत्रों का पठन-पाठन फिर शुरु
करहां (मऊ) : नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के विभिन्न परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में समाचार पत्रों का पठन-पाठन पुनः शुरु हो गया है। बच्चों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने और उन्हें मोबाइल से दूर रखने की दिशा में विभाग द्वारा यह एक सराहनीय पहल शुरु की गई है। विद्यालय में अब बच्चों के नियमित अध्ययन के लिए दैनिक जागरण समाचार पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह व्यवस्था शासन व प्रशासन की मंशा के अनुरुप बच्चों में पठन की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शुरु की गई है। शिक्षा क्षेत्र के कोठिया, खैराबाद, बीआरसी, सुरहुरपुर, नगरीपार, मालव, माहपुर, नगपुर, शमशाबाद, अरैला, दतौली आदि अनेक परिषदीय विद्यालयों में दैनिक जागरण समाचार पत्र का पठन-पाठन करवाया जा रहा है। नगरीपार प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव व मालव प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने बताया कि समाचार पत्रों के पठन-पाठन से बच्चे प्रतिदिन समाचार पढ़कर सामान्य ज्ञान, भाषा और समसामयिक घटनाओं से परिचित हो रहे है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की रुचि और आवश्यकता को देखते हुए भविष्य में समाचार पत्रों की संख्या और अधिक बढ़ाई जा सकती है। शिक्षकों का मानना है कि समाचार पत्र पढ़ने से बच्चों की शब्दावली, समझ और अभिव्यक्ति क्षमता में वृद्धि होगी, साथ ही वे डिजिटल लत से भी दूर रहेंगे। विद्यालय में शुरु की गई इस पहल की अभिभावकों व क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की है और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।



Post a Comment