कार-ऑटो की भीषण भिड़ंत में दस घायल, छह की हालत गंभीर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव स्थित रैकड़ मोड़ के पास शनिवार सुबह लगभग 10 बजे एक तेज रफ्तार कार और सवारियों से भरी ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में करीब दस लोग घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घरोहिया मोड़ से सवारियां लेकर एक ऑटो मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर मुड़ने लगा, उसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायलों में जुड़नपुर निवासी रागिनी चौहान, प्रियंका, श्रद्धा तथा अन्नूपार निवासी मुकेश, नेहा, रितु, अमित, अंकित सहित अन्य लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रीता, मुकेश, विनोद, अमित और प्रियंका समेत छह लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं कुछ मामूली रूप से घायल लोग निजी चिकित्सकों के यहां इलाज कराने चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।






Post a Comment