नामांकन में वृद्धि हेतु मालव के प्रधानाध्यापक को ऊर्जा मंत्री ने किया सम्मानित
करहां, मऊ। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत गुरुवार को जनपद मऊ में एक गौरवपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के कर कमलों द्वारा नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि करने वाले प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूरे जनपद से कुल पांच प्रधानाध्यापकों को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि में मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक से प्राथमिक विद्यालय मालव के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह ने विशेष स्थान प्राप्त किया, जो अपने ब्लॉक का एकमात्र चयनित विद्यालय रहा। उन्हें सम्मानित करते हुए प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा रानीपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलसेपुर, कोपागंज ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय कुर्थी जाफरपुर, रतनपुरा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय गाढ़ा तथा फतेहपुर मंडाव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गांगेवीर के प्रधानाध्यापकों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे। सभी ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति जागरुकता और नामांकन बढ़ाने में इनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समर्पण और लगन से किए गए प्रयास न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद की तस्वीर बदल सकते हैं।

Post a Comment