स्वच्छता की मुहिम शुरु, गांव-गांव चलेगा सफाई अभियान
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जब सफाई संकल्प बन जाए, तो बीमारियों की राह खुद-ब-खुद रुक जाती है। स्थानीय ब्लॉक के करहां न्याय पंचायत क्षेत्र में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान कुछ इसी संदेश को जीवंत कर रहा है। गांव-गांव पहुंच रही सफाईकर्मियों की टोली न केवल गंदगी हटा रही है, बल्कि स्वस्थ जीवन की नींव भी मजबूत कर रही है।
बुधवार को माहपुर गांव से शुरू हुए इस अभियान में नालियों की सफाई, जलभराव का निस्तारण और ब्लीचिंग पाउडर, चूना व एंटी-लार्वा का छिड़काव कर मच्छरों के प्रकोप पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हर गांव में तीन दिनों तक चलने वाला यह अभियान डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसे रोगों से बचाव की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने बताया कि 83 गांवों के लिए अलग-अलग टीमें व नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जबकि पूरे अभियान की निगरानी सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह के नेतृत्व में की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य की दिशा में सार्थक प्रयास बताया।




Post a Comment