अंत्येष्टि स्थल निर्माण रुकने पर बढ़ा विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने

अंत्येष्टि स्थल निर्माण रुकने पर बढ़ा विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने

करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के खराटी मोहल्ला स्थित टोंस नदी किनारे बन रहे अंत्येष्टि स्थल के निर्माण कार्य को गुरुवार को उपजिलाधिकारी द्वारा रुकवाए जाने के बाद मामला गरमा गया। निर्माण कार्य के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए, वहीं सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग भी वहां एकत्र हो गए। प्रशासन ने दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों के साथ वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास शुरू कर दिया है।

बताया जाता है कि बरईपुर खराटी क्षेत्र में टोंस नदी के किनारे करीब दो एकड़ भूमि है, जिसका वर्षों से विभिन्न समुदायों द्वारा उपयोग किया जाता रहा है। हिंदू पक्ष यहां शवदाह करता रहा है, जबकि मुस्लिम समुदाय एवं कुछ दलित परिवार शवों को दफनाते रहे हैं। दो वर्ष पूर्व शासन द्वारा सभी नगर पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की घोषणा के तहत मुहम्मदाबाद गोहना के लिए लगभग 28.79 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। भूमि के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसे प्रशासन ने पैमाइश कर लगभग 40 प्रतिशत भूमि हिंदू पक्ष और शेष भूमि मुस्लिम पक्ष को कब्रिस्तान के रूप में देने का निर्णय लेकर सुलझा दिया था। उस समय दोनों पक्ष सहमत भी हो गए थे। हालांकि, हाल ही में कब्रिस्तान कमेटी में बदलाव और नए पदाधिकारियों के चयन के बाद यह मामला फिर से विवादित हो गया।

मुस्लिम पक्ष का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में पूरी जमीन कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है, इसलिए इसे अंत्येष्टि स्थल के लिए उपयोग में नहीं लाया जा सकता। वहीं, पिछले दो दिनों से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे गुरुवार को एसडीएम के निर्देश पर रोक दिया गया। निर्माण रुकने की खबर मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष के लोग भी अपनी मांग को लेकर डटे रहे। उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post