नेशनल बास्केटबाल चैंपियन उन्नति का किया गया नागरिक अभिनंदन

नेशनल बास्केटबाल चैंपियन उन्नति का किया गया नागरिक अभिनंदन

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के लग्गूपुर बाजार में शुक्रवार शाम क्षेत्र की देवसीपुर निवासिनी बास्केटबाल की नेशनल चैंपियन खिलाड़ी उन्नति सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने विविध स्वागत सामग्रियों से बिटिया को सम्मानित कर उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उत्साहवर्धन किया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए बयालिस राजपूत बिरादरी के अध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने कहा कि प्रायः खेलों की दृष्टि से पिछड़े इस क्षेत्र में पिछले वर्षों में अनेक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में गांव-क्षेत्र का नाम रौशन किया। उन्ही में से एक उपलब्धि उन्नति सिंह की भी है। क्षेत्रीय कवि रमेश राय एवं सुरेंद्र सिंह ने बिटिया को काव्यमयी बधाई दी।

इसके पूर्व बिटिया की मां व मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह ने सरस्वती माता के चित्र पर माला-फूल अर्पित करते हुए दीप प्रज्ज्वलन कर स्वागत समारोह की शुरुआत की। प्रज्ञा विद्या सेवा संस्थान की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर मन मोह लिया।

बता दें कि उन्नति सिंह मुहम्मदाबाद गोहना के ज्येष्ठ प्रमुख स्व. अजीत सिंह की बिटिया है और उन्होंने राजस्थान की टीम में बतौर उपकप्तान के रुप में खेलते हुए महाराष्ट्र की टीम को परास्त कर अंडर-19 बास्केटबाल का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया था। यह उपलब्धि उन्होंने अपने पिता की पंचम पुण्यतिथि के दिन हासिल किया। इसके बाद उनके प्रथम गृह आगमन पर उनका लग्गूपुर बाजार में नागरिक अभिनंदन किया गया। इससे क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

संचालन शिक्षक कमलेश राय ने तो धन्यवाद ज्ञापन उन्नति सिंह ने किया। स्वागत करने वालों में सुरेंद्र सिंह, हरिकेश सिंह, महेंद्र यादव, भूपेंद्रवीर सिंह, देवेंद्र प्रताप, बसंत कुमार सिंह, बृज बिहारी सिंह, धीरेंद्र प्रताप, सतीश सिंह, श्रीनिवास सिंह, त्रिभुवन प्रसाद, गुरुप्रसाद सिंह, संदीप सिंह, बैजनाथ राम आदि सैकड़ो लोग उपस्थित रहे




Post a Comment

Previous Post Next Post