अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भांटीकला गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की।
बताया जा रहा है कि हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के प्वाइंट नंबर 269 के समीप सर्विस रोड पर हुआ, जहां किसी अज्ञात चारपहिया वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रानीपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह उम्र लगभग 34 वर्ष, पुत्र शैलेश सिंह किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे के आसपास भांटीकला के पास वह सड़क पर घायल अवस्था में पाए गए।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर भेजवाया। इस हादसे में धर्मेंद्र सिंह की असमय मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे माता-पिता, पत्नी, एक छोटी बेटी उम्र लगभग 3-4 वर्ष और मात्र 8 माह का एक बेटा है।
मृतक के स्वभाव को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि वह हंसमुख, मिलनसार, सरल व आकर्षक व्यक्तित्व के स्वामी थे तथा अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अनेक फिल्मी एलबमों में अभिनेता के रुप में काम कर चुके हैं तथा एक स्वास्थ्यकर्मी के रुप में जिला अस्पताल में सेवाएं प्रदान करते थे।



Post a Comment