प्रवेश उत्सव में खिला उत्साह, नन्हें कदमों का रोली-चंदन से हुआ स्वागत
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय नगरीपार में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत प्रवेश उत्सव एवं रिपोर्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और अभिभावकों की मौजूदगी से जीवंत नजर आया।
नवप्रवेशित बच्चों का स्वागत रोली-चंदन लगाकर एवं पुष्प वर्षा के साथ किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय बन गया। अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर अपने बच्चों का नामांकन कराया और विद्यालय परिसर में बनाए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर इस खास पल को यादगार बनाया। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक कक्षा में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के साथ ही बेस्ट हैंडराइटिंग एवं बेस्ट अटेंडेंस वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही आल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र समर्थ को भी विशेष रुप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और अभिभावकों का विद्यालय के प्रति विश्वास मजबूत होता है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रजापति, प्रधानाध्यापक स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, शिक्षकगण संजय कुमार, शगुफ्ता परवीन, शहनाज, सुनीता, शाइस्ता, ट्विंकल, शेषनाथ, शशिकला सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।




Post a Comment