Top News

नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत-सम्मान व विदाई समारोह ने किया भावुक

नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत-सम्मान व विदाई समारोह ने किया भावुक


करहां (मऊ) : विभागीय निर्देशों के अनुपालन के क्रम में शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव  में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत, संचारी रोग जागरुकता, परीक्षा परिणाम वितरण, सम्मान समारोह एवं कक्षा 5 के विद्यार्थियों का विदाई कार्यक्रम उत्साह व भावुकता के साथ संपन्न हुआ।


प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह के नेतृत्व में नव नामांकित बच्चों का विद्यालय के मुख्य द्वार पर ही माल्यार्पण, तिलक, आरती व पुष्प वर्षा के साथ बैंड-बाजे के बीच भव्य स्वागत किया गया। पहले दिन 30 नए बच्चों का नामांकन हुआ, जिन्हें कापी, पेन व चाकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया। उनके अभिभावकों का भी सम्मान किया गया।


कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 5 तक के प्रत्येक वर्ग में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अलग-अलग पुरस्कृत किया गया। साथ ही संचारी रोगों के प्रति जागरीकता का संदेश भी दिया गया। कक्षा 5 के 52 बच्चों को कापी, पेन, पानी की बोतल व मिष्ठान देकर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान कई बच्चे भावुक हो उठे, वहीं शिक्षकों की आंखें भी नम नजर आईं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।


अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, ग्राम प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।




Post a Comment

Previous Post Next Post