Top News

12 जुलाई को 83 ग्राम पंचायतों में चलेगा वृहद पौधरोपण अभियान

12 जुलाई को 83 ग्राम पंचायतों में चलेगा वृहद पौधरोपण अभियान

करहां (मऊ) : विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना में 12 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान-2026 के तहत सभी 83 ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 1712 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 8 से 11 जुलाई तक रोस्टर के अनुसार विभिन्न नर्सरियों से पौधों का उठान कर सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा।

क्षेत्रीय वन अधिकारी दिवाकर यादव ने बताया कि करजौली, महताबपुर, भुजहीं, बरहदपुर और मुहम्मदाबाद गोहना की नर्सरियों में नीम, पीपल, बरगद, शीशम, सागौन, आंवला, आम, जामुन, अमरुद, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं। पौध वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नोडल अधिकारियों की निगरानी में आधार सत्यापन के बाद पौधों का उठान कराया जाएगा तथा लेखा सहायक आनंद सिंह प्राप्त पौधों का सत्यापन करेंगे।

बीडीओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत में सेक्टर प्रभारी तैनात किए गए हैं। 12 जुलाई को जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, मनरेगा कर्मियों, विद्यालयों और ग्रामीणों की सहभागिता से बड़े पैमाने पर पौधारोपण होगा। उन्होंने कहा कि पौधों के संरक्षण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक जाब कार्डधारी को उनकी देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी, ताकि पौधों के जीवित रहने की दर अधिकतम सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post